बाराबंकी। थाना क्षेत्र मोहम्मदपुर खाला में रविवार को गड्ढे में ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटी मिली। पास में ही ट्रैक्टर ड्राइवर का शव पड़ा था। पुलिस ने इसे हादसा बताया लेकिन परिजनों ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने फतेहपुर मार्ग जाम कर साढ़े तीन घंटे हंगामा किया। पुलिस ने दो पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मामला अवैध खनन से जुड़ा नजर आ रहा है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ढकवा गांव निवासी रूपेश कुमार (22) छह माह से मटेहना गांव निवासी बब्लू वर्मा की बुढ़नापुर गांव स्थित चौराहे के पास स्थित मौरंग, गिट्टी, सीमेंट की दुकान पर रहकर ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाता था। अविवाहित रूपेश अपनी विवाहित बहन के यहां बुढ़नापुर गांव में रहता था।
शनिवार की रात रूपेश मिट्टी डालने की बात कहकर घर से निकला था। रविवार भोर करीब तीन बजे चंदूरा गांव के पास सड़क किनारे नाले नुमा गड्ढे में ट्रैक्टर-ट्राॅली पड़ी मिली। ट्रॉली पलटी थी। पास में ही मेंथा के पुआल के बीच रूपेश का शव पड़ा था।
मौके पर पहुंचे रूपेश के भाई राजेश कुमार व अन्य परिजनों ने ट्रैक्टर मालिक व मुंशी पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाया। पुलिस ने इसे हादसा बताया तो ग्रामीणों ने फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग जाम कर हंगामा करना शुरू कर दिया।
माहौल बिगड़ता देखकर फतेहपुर व रामनगर का पुलिस बल भी बुलाया गया। सूचना पाकर पहुंचे नायब तहसीलदार फतेहपुर अभिषेक कुमार ने कार्रवाई का आश्वासन देकर साढ़े तीन घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त कराया।
मोहम्मदपुर खाला एसएचओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि रूपेश के भाई की ओर से बब्लू वर्मा व उसके मुंशी कैलाश पर हत्या कर शव छिपाने का मुकदमा दर्ज कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों से पूछताछ हो रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक अवैध खनन में लगी थी ट्रैक्टर-ट्राॅली
घटना के बाद ग्रामीणों में चर्चा थी कि रात होते ही क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन शुरू हो जाता है। यह ट्रैक्टर-ट्राॅली अवैध खनन में लगी थी। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राॅली में लगी मिट्टी धो दी गई। मृतक के भाई ने भी तहरीर में अवैध खनन का उल्लेख किया है।