बाराबंकी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का शैक्षिक स्तर पता लगाने के लिए रविवार को डीएम की पहल पर क्षमता संवर्धन परीक्षा आयोजित कराई गई। 16 केंद्रों पर हुई परीक्षा में प्राथमिक शिक्षा के साथ पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछे गए। इस दौरान 60 कार्यकर्ता गैरहाजिर रहीं जबकि 2584 ने परीक्षा दी। सप्ताह भर में परिणाम की घोषणा की जाएगी।
इस वर्ष फरवरी में डीएम सत्येंद्र कुमार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का शैक्षिक स्तर जानने के उद्देश्य से एक परीक्षा कराने का निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेंद्र दुबे को दिया था। रविवार को 16 केंद्रों पर दो घंटे की लिखित परीक्षा आयोजित कराई गई। इसमें 2644 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शामिल होना था। इसके सापेक्ष 60 गैरहाजिर रहीं। इनमें से ज्यादातर मेडिकल अवकाश पर थीं।
डीपीओ ने त्रिवेदीगंज और बंकी ब्लॉक के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और नकलविहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि दो घंटे की परीक्षा के बाद प्रश्न पत्र/उत्तर पुस्तिकाएं जमा करा ली गईं। सप्ताह भर में परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा।
इस प्रकार पूछे गए प्रश्न
परीक्षा में कुल 80 प्रश्न पूछे गए जिनमें 44 बहुविकल्पीय व 36 प्रश्न परंपरागत प्रकार के रहे। प्रारंभिक शिक्षा जैसे गिनती, रंगों के नाम, पशु-पक्षियों व फूल के नाम, जोड़-घटाना के प्रश्न पूछे गए। विभाग की ओर से संचालित गतिविधियों जैसे वजन नापना, लंबाई के अनुसार वजन, पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़े सवाल भी पूछे गए।
सुधार का मिलेगा अवसर
प्राप्त अंक के अनुसार ए ग्रेड (75 प्रतिशत से अधिक), बी ग्रेड (60 से 75 प्रतिशत तक) व सी ग्रेड (45 से 60 प्रतिशत तक) दिया जाएगा। परिणाम घोषित होने के बाद कम नंबर वाले कार्यकर्ताओं का क्षमता संवर्धन किया जाएगा और पुन: अवसर दिया जाएगा। इसके बाद भी सुधार न होने की स्थिति में विभागीय कार्रवाई की जाएगी।