सआदतगंज (बाराबंकी)। मसौली थाना क्षेत्र के कजियापुर गांव में युवक को शराब में जहर मिलाकर पिलाने व गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने इसे संदिग्ध बताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कही है।
कजियापुर गांव निवासी श्यामू यादव (28) गोरखपुर में मजदूरी करते थे। कुछ दिन पहले गांव आए थे और सोमवार को उन्हें वापस गोरखपुर जाना था। श्यामू की मां रामलली ने बताया कि रविवार सुबह सात बजे गांव के ही द्वारका प्रसाद, टिंकू व कल्लू श्यामू को बुलाकर खेत ले गए। वहीं पर शराब पी व अंडा खाया। कुछ दिन पहले श्यामू ने द्वारिका प्रसाद को अपना मोबाइल फोन बेचा था। इसके पैसे को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे द्वारिका व कल्लू एक बाइक से गंभीर हालत मेंं श्यामू को लेकर घर आए और उतार कर भाग निकले।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवक को सीएचसी बड़ागांव पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है। सीओ गरिमा पंथ ने गांव पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए। उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई करने का भरोसा परिजनों को दिया। मसौली के एसएचओ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि चोट के निशान नहीं मिले हैं। मामला संदिग्ध है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट का इंतजार है। आरोपी भागे हुए हैं।
-
बुजुर्ग मां का छिन गया सहारा
श्यामू तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। वह बुजुर्ग मां रामलली व बहन के साथ रहते थे। बाकी दोनों भाई अलग रह रहे हैं। श्यामू की पत्नी भी दो साल पहले छोटी सी बिटिया को छोड़कर चली गई। श्यामू की मौत से मां रामलली का सहारा छिन गया। वह मां दहाड़े मारकर रोते समय कई बार बेहोश हो गई।