बाराबंकी। सड़कों पर दौड़ रहे डंपर लोगों की जान ले रहे हैं। देवा के बाद कोठी थाना क्षेत्र में बेकाबू डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, वहीं जुड़वा बहनें घायल हो गईं। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। अभी दो दिन पहले देवा क्षेत्र में डंपर की टक्कर से महिला की मौत हो गई थी।
रायबरेली जिले केे सलोन थाना क्षेत्र के बड़ई गांव निवासी रामगोपाल सिंह (23) व उनकी बहन दीपिका कोठी थाना क्षेत्र के पूरेगौतमन मजरे सेमरी गांव निवासी अपने मामा जगत बहादुर के यहां बचपन से रहते हैं। शुक्रवार की शाम दीपिका के जन्मदिन पर क्षेत्र के ही सादुल्लापुर गांव निवासी उसकी सहेली रिया व रिचा घर आई थीं। शनिवार को सुबह रामगोपाल दोनों को बाइक से उनके घर छोड़ने जा रहा था।
इसी दौरान हैदरगढ़ बाराबंकी मार्ग पर सादुल्लापुर चौराहे के पास पहाड़पुर घाट मोड़ पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इस दौरान सड़क पर गिरे रामगोपाल को डंपर ने कुचल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सीएचसी कोठी भिजवाया, जहां चिकित्सक ने रामगोपाल को मृत घोषित कर दिया। कोठी एसएचओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि डंपर कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। दोनों बहनों को कम चोटें आई हैं।