बाराबंकी। नागपंचमी पर अखाड़ों में हुई कुश्ती देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। एक पहलवान जब दूसरे को पटकनी देता तो दर्शक उछल पड़ते। कोटवाधाम क्षेत्र के मरौचा गांव में आयोजित दंगल में पहली कुश्ती करन हरहारी और मरौचा निवासी विशाल के बीच हुई, जिसमें पहलवान करन ने दंगल की पहली कुश्ती अपने नाम की। दूसरी कुश्ती रोहित और मोहित के बीच हुई जो बराबर रही।
दंगल की सबसे बड़ी और दो हजार की इनामी कुश्ती जादवपुर गांव के नायब पहलवान और राधे पहलवान रानीपुरवा के बीच हुई। करीब 20 मिनट तक चली इस कुश्ती में पहलवान अपने दांवपेच लगाते नजर आए। अंत में राधे ने नायब को धोबीपाट दांव लगा चित्त कर दिया। एक कुश्ती अन्य भी राधे ने सत्यम को हरा दिया। वहीं दरियाबाद क्षेत्र में बाबा मथुरा मलन मंदिर परिसर में मथुरानगर दंगल कमेटी ने दंगल का आयोजन किया।
पहलवान अमित ने नीलेश को हराकर सौ रुपये का इनाम जीता। ललित को पहलवान गुल्ले ने पटकनी दी। इसरार और अमित पहलवान की कुश्ती बराबरी पर छूटी। दंगल का आयोजन सुभाष चंद्र तिवारी ने कराया। हैदरगढ़ में हनुमान मंदिर के पास पहलवान बैजू यादव की स्मृति में हुए दंगल में पहली कुश्ती में विजय ने मुस्तकीम को चित कर 2100 रुपये का पुरस्कार जीता। संजय ने आसिफ कुरैशी को अखाड़े में पटकनी देकर 1100 रुपये का इनाम जीता। राजत, पहलवान छोटे, अनुभव यादव, विष्णु ने कुश्ती में जीत दर्ज की।