बाराबंकी। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को पंख लगाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए योगी सरकार की परिवार संतृप्तिकरण योजना अब फतेहपुर ब्लॉक में शुरु होगी। शुक्रवार को उपायुक्त स्वतः रोजगार सुनील कौशल ने विकास खंड कार्यालय में समीक्षा बैठक कर इस अभियान को मिशन मोड में चलाने का खाका तैयार किया। उन्होंने बताया कि पांच से 20 अप्रैल तक चले डोर-टू-डोर सर्वे के जरिये पात्र महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़ने के लिए चिह्नित किया जा चुका है।
उपायुक्त ने ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारी तैनात कर काम में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जो महिलाएं अभी तक वंचित हैं, उन्हें चिह्नित कर नए समूहों का गठन किया जाए। समूहों के तत्काल बैंक खाते खुलवाकर उन्हें 30,000 रुपये की चक्रीय निधि और 1,50,000 रुपये की सीसीएल का लाभ दिलाया जाए। अभियान की पैठ बढ़ाने के लिए दीवार लेखन, नुक्कड़ नाटक और ग्राम चौपाल का सहारा लिया जाएगा, जबकि पारदर्शिता के लिए रोजाना जियो-टैग फोटो और रिपोर्ट जमा करनी होगी। बैठक में बीडीओ, बीपीएम, एफएलसीआरपी और समूह सखियां मौजूद रहीं।