फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिला का गोमती में मिला शव, बच्चों का नहीं लगा सुराग

Sat, 20 Aug 2016 11:49 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/बाराबंकी
विज्ञापन
रोते परिवारीजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कोठी थाना क्षेत्र के कोटवा गांव से बीते बुधवार को अपने घर से लापता हुई महिला का शव शनिवार की सुबह त्रिवेदीगंज के पास गोमती नदी से बरामद कर लिया गया।
विज्ञापन


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला के पति ने उसके दो बच्चों समेत लापता होने की शिकायत की थी। जबकि दोनों बच्चों का अभी पता नहीं लग सका है। पुलिस का कहना है कि पति से झगड़ने के बाद महिला गोमती में कूदी थी। मामले की जांच की जा रही है। 

थाना कोठी क्षेत्र के कोटवा गांव निवासी पुष्पा देवी(25) पत्नी चंद्रभान उर्फ शंभू रावत बुधवार को अपने पति चंद्रभान से झगड़ने के बाद दो बच्चों अनमोल (1 वर्ष) व अनामिका (2.5 साल) के साथ कहीं लापता हो गई थी। जिसके बाद से महिला की तलाश की जा रही थी। शनिवार की सुबह लोनीकटरा थाना क्षेत्र में कोलवा गांव के पास पुष्पा का शव बरामद हुआ।
विज्ञापन


जबकि उसके दोनों बच्चों का अभी तक पता नहीं लग सका है। ग्र्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की है। वहीं महिला के लापता दोनों बच्चों की तलाश के लिए पुलिस ने नदी में गोताखोर लगाए हैं, लेकिन अभी तक उनका सुराग नहीं लग सका है। 

पिता ने ससुरालीजनों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतका के पिता जगदीश निवासी ग्राम फकीरबक्श पुरवा मजरे बरौली मलिक थाना जैदपुर का कहना है कि उनकी बेटी पुष्पा को दामाद चंद्रभान आए दिन मारता पीटता रहता था। इनका आरोप है कि ससुरालीजन दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे और इसी बात को लेकर पुष्पा व उसके दो बच्चों की हत्या कर नदी में शव फेंका है। जगदीश ने मृतका के पति चंद्रभान उर्फ शंभू, ससुर मोहनलाल, सास व देवर रंजीत और सूरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। 

शव ले जाने का परिवारीजनों ने किया विरोध
मृतका पुष्पा का शव ले जा रही पुलिस को परिवारीजनों का विरोध सहना पड़ा। परिवारीजन मांग कर रहे थे कि हत्या का मामला दर्ज किया जाए। जबकि पुलिस ने पीएम रिपोर्ट मेें मौत का कारण पता लगने पर रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही। हालांकि पुलिस ने महिला व बच्चों की गुमशुदगी का मामला पहले ही दर्ज किया था। पुलिस का कहना है कि महिला का शव इतना सड़ चुका है कि उसकी मौत का कारण पीएम रिपोर्ट आने पर ही पता लगेगा।

इस दौरान पहुंचे सीओ हैदरगढ़ केडी मिश्रा, एसओ लोनीकटरा श्रीधर पाठक व एसओ कोठी बृजेश सिंह ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है। पुलिस ने मृतका के ससुर मोहनलाल को पकड़ा भी है लेकिन अभी कोई लिखापढ़ी नहीं हुई है। 
विज्ञापन


कोठी थाना क्षेत्र के कोटवा गांव से लापता महिला का शव गोमती नदी में मिला है। महिला के दो बच्चों की तलाश कराई जा रही है। पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण पता लगने पर दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। -केडी मिश्रा, सीओ हैदरगढ़
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें