निंदूरा (बाराबंकी)। रिश्तेदारी में आयोजित भंडारे में शामिल होकर जीजा के साथ घर लौट रही एक महिला की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा जीजा व बहन घायल हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुर्सी-महमूदाबाद रोड जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आक्रोश देख तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी देर मान मनौव्वल के बाद देर रात ट्रक चालक की गिरफ्तारी के आश्वासन पर ग्रामीण माने। उसके बाद यातायात व्यवस्था बहाल हुई।
हादसा शुक्रवार की शाम कुर्सी थाना क्षेत्र के कुंडवा चौराहे के पास हुआ। शुक्रवार को देवा कोतवाली क्षेत्र के मदीनपुर निवासी कन्हैया लाल की पत्नी कलावती अपने जीजा राजेश व बहन के साथ कंचनापुर में एक रिश्तेदार के यहां भंडारे में शामिल होकर घर लौट रही थी। इसी दौरान कुंडवा चौराहे के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे असंतुलित होकर बाइक पलट गई। हादसे में कलावती की मौके पर मौत हो गई। वही बहन व जीजा घायल हो गए।
आननफानन में स्थानीय लोगों ने घायल बहन को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला के शव को कुर्सी-महमूदाबाद रोड पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। रोड जाम होने से दोनों ओर काफी दूर तक जाम लग गए। मौके पर पहुंचे ओदार चौकी इंचार्ज जय प्रताप सिंह ने हालत बेकाबू देख उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
इसके बाद कुर्सी थाने के कोतवाल धर्मवीर, बड्डूपुर एसओ गजेंद्र सिंह व घूंघटेर के थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। काफी देर तक हुए पुलिस व ग्रामीणों की बीच चली वार्ता व मान मनौव्वल के बाद ट्रक चालक की गिरफ्तारी के आश्वासन पर ग्रामीण माने। तो पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जिसके बाद यातायात व्यवस्था देर रात सुचारु हो सकी।