मसौली (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र मसौली में बाराबंकी-बहराइच हाईवे के पास स्थित नहर में बुधवार को करीब 45 वर्षीय महिला का अर्धनग्न शव पड़ा मिला। उसके सिर सहित पेट व कंधे पर खरोंच के निशान होने के कारण आशंका है कि शव कहीं से लाकर नहर में फेंक दिया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि महिला मनोरोगी थी, आसपास घूमती रहती थी।
बुधवार भोर हाईवे किनारे एक ढाबे के कर्मचारी शौच के लिए नहर की ओर गए थे। नहर में बहुत कम पानी में महिला का शव देख कर्मचारियों ने ढाबा संचालक रामचंद्र को सूचना दी। कुछ ही देर में मसौली पुलिस पहुंच गई। शव को बाहर निकाल आसपास के ग्रामीणों को शिनाख्त के लिए बुलाया गया।
फोरेंसिक टीम ने भी जांच की लेकिन पहचान नहीं हो सकी। चर्चा यह भी है कि कहीं किसी ट्रक चालक का कृत्य तो नहीं। हालांकि, एसएचओ यशकांत सिंह ने बताया कि महिला विक्षिप्त हो सकती है, नहर में गिरकर मौत हुई होगी। कुछ लोग बता रहे है कि आसपास घूमते देखा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट हाेगा।