कुर्सी। लखनऊ-महमूदाबाद हाईवे पर कुर्सी के अमरसंडा गांव के पास रविवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से फतेहपुर कस्बे के रसूलपुर निवासी सीमा बानो (25) की मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर लोग जुटने लगे तो ट्रक लेकर चालक भाग गया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता लगा रही है।
पुलिस के अनुसार फतेहपुर के रसूलपुर निवासी इरशाद सउदी अरब में रहकर नौकरी करते हैं। यहां उनकी पत्नी सीमा बानो तीन साल की मासूम बेटी अलीजा के साथ रहती थीं। रविवार को सीमा लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदार को देखने के लिए घर से निकली थीं।
वह स्कूटी से थीं, जबकि बेटी अलीजा मौसी के साथ टेंपो पर बैठ गई। लखनऊ जाते वक्त अमरसंडा गांव के पास पीछे से सिलिंडर लादकर आ रहे ट्रक की जोरदार टक्कर स्कूटी में लगी। सड़क पर गिरते ही ट्रक का पहिया सीमा के सिर के ऊपर से गुजर गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटनास्थल के पास कोई हेलमेट नहीं पाया गया। फतेहपुर के सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।