जौरास के पूरेभीती गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में रविवार की शाम खाना खाने से सोमवार की भोर लोगों की हालत बिगड़ने लगी। फूड पॉइजनिंग की चपेट में दो दर्जन से अधिक लोग आ गए। और देखते ही देखते उल्टी दस्त शुरू हो गए।
हालात बिगड़ने पर सभी को स्थानीय चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। वृद्धा समेत चार महिलाओं की हालत नाजुक होने पर लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सोमवार रात वृद्धा की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सीएचसी की टीम ने गांव जाकर इलाज करने के बाद मरीजों को सीएचसी में भर्ती कराया है। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम जौरास मजरे पूरेभीती गांव निवासी श्रीराम की पुत्री खुशबू की मंगलवार को शादी है। रविवार को उसके घर में तेल पूजन था।
कार्यक्रम में रिश्तेदार व परिवार के लोग शाम को खाना खाकर सो गए। सोमवार की भोर करीब दो से तीन बजे के बीच सबसे पहले गांव की जनकदुलारी (80) को पेट दर्द व उल्टी-दस्त शुरु हुआ। उसके बाद रीना (35), नेहा (8), निकिता (9) की तबीयत खराब होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिवारीजनों ने सभी की गंगागंज चौराहे पर एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया।
हालत में सुधार न होने पर चारों मरीजों को लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार के अन्य सदस्यों की एक के बाद एक ही हालत बिगड़ने लगी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सीएचसी त्रिवेदीगंज अधीक्षक डॉ. मुकुंद पटेल को दी।
मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रूबी, कंधई, रमाकांत, नीलम, राधेश्याम, सनत, रेनू, श्रीराम, लालजी, निखिल, शत्रोहन, स्वाती, अर्चना समेत दो दर्जन मरीजों को सीएचसी में भर्ती कराकर उपचार शुरू कर दिया है। वहीं सोमवार की देर शाम करीब आठ बजे सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान जनक दुलारी की मौत हो गई।
वैवाहिक कार्यक्रम में उड़द की दाल, रोटी, सब्जी लोगों ने खाई थी। देर रात खाना खाने से उड़द की दाल लोगों को नुकसान कर गई। टीम के साथ मौके पर जाकर मरीजों का उपचार किया गया। करीब दो दर्जन मरीजों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। -डॉ. मुकुंद पटेल, सीएचसी अधीक्षक त्रिवेदीगंज