बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र के गुरेला गांव में महिला की आग से जलकर हुई मौत के बाद रोते बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
हीटर से लगी आग की चपेट में आकर एक दंपती गंभीर रूप से झुलस गया। दोनों को परिवारीजनों द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उन्हें सिविल अस्पताल लखनऊ भेज दिया गया। लखनऊ पहुंचने के पहले ही पत्नी की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसे पति का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
मसौली थानाक्षेत्र के गुरेला गांव निवासी अरविंद (38)अपनी पत्नी किरन(35) व तीन बच्चों के साथ बुधवार की रात घर की छत पर सो रहे थे। रात में करीब 9.30 बजे बिजली आने पर किरन नीचे आकर लाइट जलाने के लिए स्विच में प्लग लगाने लगी।
जहां पर किरन खड़ी थी वहीं बगल में रखा हीटर जल रहा था जिसके चलते किरन की साड़ी में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद किरन की चीख पुकार सुनकर नीचे आए अरविंद उसे बचाने का प्रयास करने लगे। इससे दोनोें लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
आसपास के लोगों ने आग बुझाने के बाद दंपती को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से दोनों की हालत नाजुक होने के चलते लखनऊ के सिविल अस्पताल भेज दिया गया। जहां रास्ते में किरन की मौत हो गई जबकि अरविंद का इलाज हो रहा है। इस घटना के बाद परिवारीजनों में शोक की लहर दौड़ गई है वहीं इस दंपती के तीन बच्चों के सर से मां का साया उठ गया है।