बाराबंकी। विशेष अपर सत्र न्यायाधीश, एमपी/एमएलए कोर्ट, कमलकांत श्रीवास्तव की अदालत में गुरुवार को मुख्तार अन्सारी गैंगस्टर मामले में गवाही हुई। गवाह एसपी सिंह अदालत में उपस्थित हुए और बयान दर्ज कराया। कोर्ट ने गवाही के लिए अगली तारीख 19 अक्तूबर नियत की है।
गौरतलब है कि इस मामले में जब मुख्तार अंसारी पंजाब की रोपण जेल में बंद था तब उसने जेल से आने जाने में एंबुलेंस का प्रयोग किया था। मामला प्रकाश में आने पर उसके बारे में छानबीन करने पर उसके कागज़ात कूटरचित तरीके से तैयार करने की बात पता चली थी।इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी ।
विवेचना के दौरान पाया गया कि एंबुलेंस मऊ जनपद के श्याम संजीवनी हास्पिटल की संचालिका अलका राय के नाम बाराबंकी के एक फर्जी पते पर दर्ज है। मामले की एफआईआर बाराबंकी के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी पंकज सिंह द्वारा दर्ज करवाई गई थी। इसी मामले में मुख्तार अंसारी की संलिप्तता पाते हुए गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज हुआ था।इसी गैंगस्टर मामले में मुख्तार व उसके साथियों की सुनवाई हुई।
इस दौरान मुख्तार अंसारी बांदा जेल से जफ़र आलम चंदा जिला संत कबीर नगर व अफरोज चुन्नू की गाजीपुर जेल से जरिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पेश हुए। इस दौरान उपनिरीक्षक एसपी सिंह की गवाही पूरी हुई। अगले तिथि पर उपनिरीक्षक बृजेश सिंह का बयान दर्ज किया जाएगा। इस दौरान शेषनाथ व सुएब मुजाहिद उपस्थित हुए और शेष को हाजिरी माफ़ी दी गई।
संवाद