हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कस्बे में औसानेश्वर मार्ग से ओवरलोड गन्ना लादकर जा रहे ट्रक का ऊपरी हिस्सा विद्युत लाइन में फंस गया। इससे कई खंभों से जुड़े तार टूटकर गिर गए। बिजली लाइन चालू थी। हालांकि बड़ा हादसा होने से टल गया। इस कारणवश तहसील कार्यालय से पास दोनों ओर 50 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
औसानेश्वर मार्ग से गन्ना लादकर एक ट्रक शुक्रवार को दिन में चीनी मिल जा रहा था। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर पहुंचने के दौरान ऊपर से गई बिजली लाइन के तार गन्ने में फंसकर टूट गए। ट्रक के साथ बिजली तार खिंचने से कई खंभे पर तार आपस में मिले तो चिंगारी निकलने लगी। इससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पावर कॉर्पोरेशन द्वारा आपूर्ति रोकी गई तो आवागमन शुरू हो सका। इस कारण तहसील कार्यालय, कोतवाली सहित पास करीब 50 घरों व दुकानों की बिजली आपूर्ति बाधित है। इस बाबत पावर कॉर्पोरेशन के अवर अभियंता रामबालक वर्मा ने बताया कि कोतवाली की आपूर्ति शुरू करा दी गई है। जल्दी ही लाइन दुरुस्त कराकर अन्य जगह की आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। (संवाद)