बाराबंकी। तय समय से पहले शराब बेचने की शिकायत पर एसडीएम ने आबकारी विभाग की टीम के साथ सोमवार को एक दुकान की छानबीन करने के बाद उसे सील कर दिया। पुलिस ने सेल्समैन को पकड़ लिया है।
यह कार्रवाई फतेहपुर क्षेत्र के इसरौली-सरसवां मार्ग पर ग्राम गौरा करौंदी स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान पर की गई। सोमवार सुबह इसरौली चौकी प्रभारी कामेश राज सिंह को सूचना मिली थी कि दुकान का सेल्समैन जैसीराम सुबह आठ बजे शराब बेच रहा है। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने सेल्समैन को रंगे हाथ पकड़कर चौकी पर बैठाया और सूचना एसडीएम पंकज सिंह को दी। एसडीएम ने शाम को आबकारी टीम के साथ दुकान का निरीक्षण किया। सेल्समैन द्वारा सुबह के समय दुकान से दूर बोतल खोलकर शराब बेचने के मामले में आबकारी निरीक्षक राजनाथ सिंह यादव को दुकान सीज करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि समय से पूर्व दुकान से अलग बोतल खोलकर शराब अधिक मूल्य पर बेचने पर दुकान सीज कराई गई है। इसकी रिपोर्ट डीएम व जिला आबकारी अधिकारी को भेजी जाएगी।