बाराबंकी। गल्ला व्यापारियों के यहां पड़े छापे के बाद गेहूं का बाजार भाव गिरा है। इसका असर यह रहा है कि कल तक जिन सरकारी केंद्रों पर सन्नाटा रहता था, आज वहां किसान गेहूं लेकर पहुंच रहे हैं।
गेहूं का सरकारी मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल है जबकि बाजार भाव 2700 रुपये के आसपास चल रहा था। बाजार भाव अधिक होने की वजह से किसान सरकारी केंद्रों की ओर रुख नहीं कर रहे थे। इस पर डीएम ने सभी एसडीएम को गल्ला व्यापारियों की जांच के आदेश दिए। एक साथ जिले भर में गल्ला व्यापारियों के यहां छापा पड़ने से हड़कंप मच गया और देखते ही देखते गेहूं का बाजार भाव 2400 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया। इसकी वजह से अब तक करीब 10 हजार मीट्रिक टन से अधिक की गेहूं खरीद की जा चुकी है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजीव कुलश्रेष्ठ का कहना है कि गेहूं खरीद जारी है।