बाराबंकी। पिछले दो-तीन दिनों से करवट ले रहे मौसम ने रविवार शाम एक बार फिर पलटी मारी। शाम को अचानक बादलों की उमड़ घुमड़ के बीच तेज और ठंडी हवाएं चलने लगीं। इस कारण कई जगह होर्डिंग उड़ गए। वहीं, 60 गांवों की बिजली गुल हो गई। बारिश की संभावनाओं से गेहूं की मड़ाई में जुटे किसान परेशान नजर आए। हालांकि, गर्मी से लोगों को राहत मिली।
रविवार को सुबह से ही धूप थी, लेकिन दोपहर होते-होते बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। शाम करीब पांच बजे आंधी के साथ आसमान में बादल छा गए। रामसनेहीघाट डिवीजन के कोटवाधाम उपकेंद्र पर तेज हवा से बिजली के तारों पर पेड़ गिरने व सरायदुनौली उपकेंद्र की 33 हजार लाइन में ब्रेकडाउन होने से क्षेत्र के करीब 60 गांवों की बिजली गुल हो गई। कोटवाधाम की बिजली सप्लाई तो तीन घंटे बाद चालू हो गई, लेकिन सरायदुनौली के रानीकटरा, जदवापुर, बल्लीपुर, बिबियापुर, दुल्हदेपुर, हड़ाहा, रायपुर सहित कई गांवों की बिजली बाधित रही। जेई रामनरायन ने बताया कि तार से पेड़ हटाने का कार्य तुरंत शुरू करवाया गया। बिजली कर्मचारी देर शाम तक फॉल्ट सही करने में जुटे रहे।