सूरतगंज (बाराबंकी)। निजी अस्पताल में प्रसव के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आक्रोश देख अस्पताल कर्मी प्रसूता के शव को निजी एंबुलेंस से लेकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए परिजनों को शांत कराया।
मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के बल्लोपुर के माल मोहर निवासी शेषपाल पत्नी रूबी (30) को प्रसव पीड़ा पर शनिवार को आशा बहू के साथ सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन जिला अस्पताल ले जाने के बजाय आशा बहू के साथ महिला को सूरतगंज स्थित मुख्य चौराहे पर एक निजी अस्पताल ले गए। वहां रविवार दोपहर ऑपरेशन से बच्चे का जन्म हुआ। इसके बाद प्रसूता की मौत हो गई। पति शेषपाल ने आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही से पत्नी की मौत हो गई। आक्रोशित परिजन अस्पताल में हंगामा करने लगे। इस पर अस्पताल संचालक मनोज कुमार निजी एंबुलेंस से शव लेकर चले गए। अस्पताल कर्मी इंदिरा नगर पर एंबुलेंस से शव उतार कर भाग निकले। वहीं, अन्य कर्मचारी अस्पताल बंद कर भाग गए। हंगामे की सूचना पर सूरतगंज चौकी इंचार्ज श्रीराम शुक्ल भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मशक्कत से परिजनों को समझाया। नगर कोतवाली पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस संबंध में एसएचओ जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उधर सीएचसी अधीक्षक डाॅ. राजर्षि त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिली है। टीम गठित कर जांच की जाएगी।