बाराबंकी। परिवहन विभाग के अफसरों व कर्मचारियों ने सड़क सुरक्षा माह के तहत शहर में घूमकर बिना हेलमेट वाले बाइक सवार व बिना सीट बेल्ट वाले कार चालकों को सड़क सुरक्षा की जानकारी दी। पटेल तिराहा के पास एआरटीओ प्रवर्तन ने बिना हेलमेट लगाए बाइक सवार व बिना सीट बेल्ट लगाए चार पहिया वाहन चालकों को रोककर हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने के लिए प्रेरित किया। शहर के अन्य चौराहों-तिराहों पर अभियान चलाकर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
सड़क सुरक्षा माह के तहत गुरुवार को एआरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव व डॉ. सर्वेश गौतम ने शहर के मुख्य चौराहों पर हेलमेट एवं सीट बेल्ट का विशेष चेकिंग अभियान चलाकर सड़क सुरक्षा के प्रति सजग किया। दुर्घटना से अगर है बचना तो हमेशा हेलमेेट पहने रखना..., दुघर्टना से रखनी है दूरी तो हेलमेट है सबसे जरूरी... का संदेश दिया। हेलमेट व सीटबेल्ट का प्रयोग न करने वाले चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
एआरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि जब हम सड़क सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करते हैं तो इससे हम न केवल अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं बल्कि दूसरों को भी दुर्घटना के जोखिम से दूर रखने में सक्षम रहते हैं। इस मौके पर यात्री मालकर अधिकारी उमाशंकर समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं एआरएम आरएस वर्मा ने बसों की ओवर स्पीडिंग की चेकिंग कराई और कहा कि जीवन अनमोल है, इसे सुरक्षित रखना स्वयं, परिवार एवं देश के लिए जरूरी है।
सामूहिक प्रयासों से ही सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण किया जा सकता है। बस चालकों व परिचालकों को यात्रियों से अच्छा व्यवहार करने की सलाह देते हुए कहा कि बसों की फिटनेस भी ठीक होनी चाहिए ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि ओवर स्पीडिंग नहीं होनी चाहिए और किसी भी दशा में नहीं चलाना चाहिए।