बाराबंकी। आपूर्ति की पाइप लाइन फटने से शहर के 10 मोहल्लों में शनिवार को पेयजल का संकट पैदा हो गया। करीब 60 हजार आबादी दिन पर पानी के लिए परेशान रही। सुबह के समय लोग काफी परेशान हुए। लाइन दुरुस्त करने का देर शाम तक पूरा नहीं होने से पेयजल की दिक्कत बनी थी।
नगर पालिका परिषद परिसर में बनी पानी की टंकी से पाइप लाइन शुक्रवार देर रात शहर के छाया चौराहा के समीप फट गई। इसके चलते घोसियाना, नेहरूनगर, सत्यप्रेमीनगर, सिविल लाइंस, पुलिस लाइंस, नहर कॉलोनी, तहसील कॉलोनी समेत 10 मोहल्लों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। शनिवार सुबह सोकर उठे लोगों को पानी के लिए काफी परेशान होना पड़ा। आपूर्ति बंद होने की जानकारी पर बहुत से लोग घरेलू काम निपटाने के लिए हैंडपंप से बाल्टियों में पानी लाए। 10 मोहल्लों की करीब 60 हजार आबादी शनिवार दिन भर पानी के लिए परेशान रही। नगर पालिका की टीम ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइन दुरुस्त करने में जुट गई लेकिन शनिवार शाम तक काम पूरा नहीं हो सका। नगर पालिका के जलकल विभाग के जेई बीके श्रीवास्तव ने बताया कि पाइप लाइन को दुरुस्त कराकर जल्द ही जलापूर्ति शुरू कराई जाएगी।