बाराबंकी। सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 30 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। इससे तटवर्ती करीब 50 गांवों में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान 106.070 मीटर से 30 सेंटीमीटर ऊपर तक पहुंचकर स्थिर है। इससे तटवर्ती गांवों के खेतों व रास्तों पर फिर से नदी का पानी पहुंचने लगा है।
सबसे ज्यादा समस्या रामनगर तहसील क्षेत्र के हेतमापुर के निकट के दो दर्जन तटवर्तीय गांवों को लेकर है। नदी व तटबंध के मध्य बसे इन गांवों में पानी भरने से ग्रामीणों की दुश्वारियां भी बढ़ने लगी हैं। इससे सुंदर नगर, कोड़री ललईपुरवा आदि गांवों के लोग फिर से तटबंध पर जाने की तैयारी में जुटने लगे हैं। बाढ़ कार्य खंड के अधिशासी अभियंता शशिकांत सिंह ने बताया कि फिलहाल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 30 सेंटीमीटर ऊपर स्थिर है, इसके बढ़ने के आसार कम हैं।