टिकैतनगर (बाराबंकी)। सूरत में हुए एक लिफ्ट हादसे में जिले के थाना टिकैतनगर के गौरीपुरवा मजरे करोनी गांव निवासी वीरेंद्र कुमार (14) की मौत हो गई। वीरेंद्र गुजरात के सूरत शहर में एक निजी कंपनी की बिल्डिंग निर्माण साइट पर सोमवार को लिफ्ट की चपेट में आ गया था।
देर शाम उसकी मौत की खबर गांव पहुंचने के बाद परिवार में कोहराम मचा है। अंतिम संस्कार के लिए बुधवार को किशोर का शव गांव लाया जाएगा। वीरेंद्र दो माह पहले ही पहले ही अपने बहनोई के साथ सूरत गया था। वहां वह बिल्डिंग निर्माण साइड पर मजदूरी कर रहा था। परिजनों को बताया गया कि सोमवार को काम के दौरान अचानक लिफ्ट गिरने से वीरेंद्र उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मंगलवार सुबह घटना की सूचना के बाद से परिवार के साथ ही पूरे गांव में मातम पसरा है। पिता की मौत के बाद वीरेंद्र ही परिवार के भरण पोषण का सहारा बना था। पांच बहनों के बीच वह अकेला भाई था। चार बहनों की शादी हो चुकी है। घर पर उसकी बूढ़ी मां मौराना और बहन गुड़िया रहती थी।