पंचायत चुनाव की तरह एमएलसी चुनाव में भी मतदाताओं ने गजब का उत्साह दिखाया। जिसकी वजह से मतदान का प्रतिशत काफी ज्यादा रहा। इसके अलावा प्रत्याशी के समर्थक दिनभर लग्जरी वाहनों से मतदाताओं को ढोते रहे। वहीं कैबिनेट मंत्री के साथ पहुंचे विधायकों ने जिला पंचायत मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों सांसदों ने भी यहीं पर मतदान किया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
जिला पंचायत मतदान केंद्र पर एसडीएम सदर नीलम यादव, सीओ तौकीर अहमद और कोतवाल रवीन्द्र कुमार के साथ पूरी मुस्तैदी से डटे हुए थे। वोटिंग के प्रति मतदाताओं ने गजब का उत्साह दिखाया जिसके चलते ही 99 प्रतिशत मतदान हो सका। वहीं दोपहर करीब सवा एक बजे के आसपास कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप के साथ कृषि राज्य मंत्री राजा राजीव कुमार सिंह, सदर विधायक धर्मराज यादव उर्फ सुरेश यादव, विधायक हैदरगढ़ राममगन रावत और विधायक जैदपुर रामगोपाल रावत पहुंचे और मतदान किया।
इससे पहले स्वतंत्र प्रभार मंत्री हाजी फरीद महफूज किदवई वोट डाल कर वापस जा चुके थे। इसके अलावा राज्यसभा सांसद डॉ. पीएल पुनिया, भाजपा सांसद प्रियंका सिंह रावत ने जिला पंचायत मतदान केंद्र पर पहुंच अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सपा के एमएलसी चुनाव प्रभारी व जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से एकजुटता दिखाई है उससे हमारे प्रत्याशी का जीतना तय है।