बाराबंकी। किसी का नाम तो किसी के पिता या पति का नाम गलत दर्ज है, तो कइयों के नाम आवेदन के बाद भी नहीं बढ़ाए गए। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बाद प्रकाशित की गई अनंतिम सूची में कुछ ऐसी ही आपत्तियां सामने आ रही हैं। हालांकि तीन जनवरी तक मिलने वाली आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जहां गांवों में हलचल है। वहीं इसे सम्पन्न कराने को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के कार्यालयों में भी तैयारियां जोरों पर हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। जनवरी में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को भी वोटर बनने का मौका दिया गया था। हालांकि पुनरीक्षण कार्य के बाद 27 दिसंबर को अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। जिसके बाद ब्लॉक के बाद बूथों तक सूची भेेजी गई।
मगर जब ग्रामीणों ने सूची को देखा तो किसी का नाम गलत था तो किसी के पिता या पति के नाम में खामी मिली। ऐसे में ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने नाम सही कराने को लेकर फॉर्म भी जमा किया था मगर कोई सुधार नहीं हुआ। हालांकि अभी तीन जनवरी तक आपत्तियां ली जाएंगी। उसके बाद 11 जनवरी तक दावे व आपत्तियों का निस्तारण कर 22 जनवरी को अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन कर दावे व आपत्तियां ली जा रही हैं। जो खामियां हैं उनको सुधारने के बाद ही अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
डॉ. राजेश कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत