हांगीराबाद के सदरुद्दीनपुर गांव में तालाब में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
जहांगीराबाद (बाराबंकी)। ब्लाॅक मसौली के ग्राम सदरुद्दीनपुर स्थित धार्मिक तालाब पर निर्माण को लेकर रविवार को ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। ग्रामीणों ने लेखपाल व प्रधान प्रतिनिधि के विरुद्ध प्रदर्शन कर एसडीएम व पुलिस से शिकायत की। इसके बाद मौके पर काम रुकवाकर जमीन की पैमाइश कराने का आश्वासन दिया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम सदरुद्दीनपुर स्थित देवा सिहाली तिराहे पर तालाब गाटा संख्या 227 रकबा 0.063हेक्टेयर स्थित है। इस पर गांव के लोग वर्षों से धार्मिक आयोजन करते आए हैं। हल्का लेखपाल व प्रधान प्रतिनधि की साठगांठ से गांव के ही दाे लोगों ने दुकानें बनाने के लिए निर्माण शुरू कर दिया। तालाब के दक्षिण की भूमि भी बंजर है। ग्रामीण हरीश चंद्र, सुशील पटेल, मनोज कुमार, सुशील वर्मा, आकाश गुप्ता आदि ने बताया कि इसको लेकर पूर्व में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं और पूर्व में भी तालाब को कब्जामुक्त कराया जा चुका है। मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्य ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिली है। काम रुकवा दिया गया है और तहसील प्रशासन से जमीन की पैमाइश करने के लिए कह दिया गया है। नाप कराने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।