बाराबंकी। जिले की सड़कों पर जाति, संप्रदाय व पदसूचक शब्द लिखे चार पहिया वाहन धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं, जबकि मोटर वाहन अधिनियम के तहत यह प्रतिबंधित है। यातायात पुलिस की ओर से ऐसे वाहनों पर कार्रवाई नहीं की जाती है। लेकिन अब वाहन पर जाति, संप्रदाय सूचक या पद नाम लिखा मिला तो तुरंत चालान होगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए 10 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जाति, पद सूचक या अन्य आपत्तिजनक शब्द या चित्र वाले वाहनों की चेकिंग की जाएगी। इसके अलावा चार पहिया वाहन के शीशों पर काली फिल्म का प्रयोग करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि आदेश आ गया है, लेकिन शुक्रवार को कार्रवाई सिफर रही।
वाहनों की नंबर प्लेट पर ही विभाग और पद नाम लिखी गाड़ियां फर्राटा भर रही हैं। शहर में ही चंदेल तो किसी में राजपूत व किसी में ब्राह्मण वर्चस्व लिखी गाड़ियां सड़क पर दौड़ती रहीं, लेकिन जिम्मेदारों की इस पर नजर नहीं पड़ी। इसके अलावा चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगे वाहन भी शहर के नाका व पटेल तिराहे से गुजरते रहे। यातायात निरीक्षक नंद कुमार यादव का कहना है कि आदेश आया है। मगर आज मेरी ड्यूटी लखनऊ में लगी है। अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शनिवार से अभियान चलाया जाएगा।