बाराबंकी। टीकाकरण को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। सोमवार को बूूथों पर युवाओं की लाइन नजर आई, बूथों पर पहुंचे भारी संख्या में युवाओं ने टीका लगवाया। इस दौरान जिले भर में संचालित 99 बूथों के माध्यम से 6883 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। जिले में 18 प्लस वालों के लिए 24 और 45 प्लस वालों के लिए 75 बूथ बनाए गए हैं।
सोमवार को जिले में टीकाकरण का लक्ष्य 9450 रखा गया था, इसके सापेक्ष करीब 6883 लोगों को टीका लगाया गया। विभाग के कर्मियों के मुताबिक सुबह से ही टीकाकरण के लिए बूथों पर लोगों की लाइनें लगने लगी। इनमें सबसे ज्यादा संख्या युवाओं की रही। रामसेवक बूथ, नगर पालिका बूथ पर सबसे ज्यादा भीड़ युवाओं की नजर आई। विभाग के अनुसार सोमवार को जिले भर में 18 प्लस वाले बूथों पर 4645 युवाओं ने टीका लगवाया। 45 प्लस वालों में 2238 लोगों को टीका लगाया गया।
सीएमओ डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि टीकाकरण में लगाई गई निगरानी समितियों और सरकारी विभागों के कर्मचारियों की मेहनत का ही नतीजा है कि टीकाकरण की गति हर दिन बढ़ रही है। विभागीय कर्मियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि टीकाकरण के लिए बूथों पर आने वाले लोगों को प्रोत्साहित करें। जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा सके। कोरोना से बचाव का सबसे सुरक्षित माध्यम टीका ही है।
शहर स्थित बस स्टेशन पर 18 वर्ष से अधिक आयु के ऑटो, टैंपो, टैक्सी, ई-रिक्शा व बस चालकों, परिचालकों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के पहले दिन 50 लोगों को टीका लगाया गया। सोमवार को एआरटीओ प्रशासन पंकज सिंह ने टीकाकरण अभियान की शुरुआत कराई। उन्होंने कहा कि टीका अवश्य लगवाएं, यह अभियान 18 जून तक लगातार चलेगा।
तीन और मिले कोरोना संक्रमित
जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार काफी तेजी से कम हो रही है। सोमवार को देर शाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में तीन नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट के अनुसार तीनों संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखकर चिकित्सकों की टीम को इन पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।