करसंडा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के सामने जानवर आने से अनियंत्रिक होकर गहरे नाले में पलट गई। जिसमें इस पर सवार 21 लोग घायल हो गए। श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से लखनऊ जा रहे थे। हादसे में चालक व उसके पिता समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मसौली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नाले से बाहर निकाला।
पुलिस ने 108 एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सभी श्रद्धालु लखनऊ के सरोजनीनगर निवासी हैं। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
मसौली थाना क्षेत्र के करसंडा गांव के पास लखनऊ-गोंडा मार्ग पर रविवार दोपहर करीब 12 बजे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर 15 फीट गहरे नाले में जा गिरी।
हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक दिनेश (35) व उसके पिता ननकऊ (60), मनीष (16), समर (3), साहिल (4), अनुराग (5), महिमा (2), विद्या (55), निशा (30), मीरा (30), सीमा (35), शिवकुमारी(20), गुड़िया (27), सपना (15), शालू (14), जितेंद्र (35), आनंद (26), सुरेंद्र (27), विरेंद्र (20), शुभम (21), शिवा (22) आदि घायल हो गए। सभी घायल लखनऊ के सरोजनीनगर निवासी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मसौली थानाध्यक्ष अवधेश यादव सिपाहियाें के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए और नाले से सभी श्रद्धालुओं को बाहर निकाला।
प्रोग्राम मैनेजर राजेश श्रीवास्तव ने सूचना पाकर मौके पर 108 नंबर की चार एंबुलेंस भेजकर सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चालक दिनेश व उनके पिता ननकऊ की हालत हालत काफी गंभीर होने पर ट्रॉमा रेफर कर दिय गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को क्रेन से निकालकर थाने लाया गया है।
कजरी तीज मेले में गए थे श्रद्धालु
घायल जितेंद्र कुमार के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली से सवार होकर सभी लोग शनिवार की शाम आठ बजे कजरी तीज मेला के अवसर पर महादेवा में जलाभिषेक करने के लिए परिवार, रिश्तेदार व पड़ोसियों को लेकर आए थे। सुबह करीब आठ बजे सभी घाघरा में स्नान करने के बाद लखनऊ के लिए निकले थे। कि रास्ते में अचानक जानवर आने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर 15 फीट गहरे नाले में पलट गई। नाले में पानी भरा होने के कारण श्रद्धालु बाल-बाल बच गए।
बाइकों की भिड़ंत में भाई-बहन घायल
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम रिछला निवासी आशा (20) पुत्री बंशीलाल अपने भाई सुनील (18) के साथ बाइक से भगौली तीर्थ मेला जा रही थी। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मिरदहन पुरवा के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। जिसमें दोनों भाई-बहन घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर ले गए जहां दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आशा के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी हालत बिगड़ते देख ट्रॉमा सेेंटर भेज दिया गया है।