सफेदाबाद (बाराबंकी)। लखनऊ-बाराबंकी रेलखंड पर सफेदाबाद के पास दिल्ली से गोरखपुर जा रही 15002 डाउन ट्रेन सिग्नल न मिलने के कारण करीब तीन घंटे खड़ी रही। भूख-प्यास से बेहाल सैकड़ों यात्री ट्रैक पर उतर विरोध करने लगे। लाल झंडा दिखाकर वाराणसी से लखनऊ जा रही ट्रेन भी रोक दी। हंगामा बढ़ता देख आननफानन सिग्नल देकर ट्रेन को गोरखपुर के लिए रवाना किया गया।
रेल सूत्रों के अनुसार बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर यार्ड रिमाडलिंग के कारण मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है। रविवार सुबह करीब सात बजे गोरखपुर जा रही 15002 डाउन एक्सप्रेस सफेदाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो उसे आउटर पर रोक दिया गया। इस पर कुछ यात्रियों ने रेलवे के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया। स्टेशन पर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। करीब ढाई घंटे इंतजार के बाद यात्रियों ने विरोध शुरू कर दिया।
कुछ यात्रियों ने लाल झंडे का इंतजाम किया और वाराणसी से लखनऊ जा रही 15009 अप एक्सप्रेस के सामने खड़े होकर प्रदर्शन करने लगे। ऐसे में लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी। बात अधिकारियों तक पहुंची तो हड़कंप मच गया। करीब 10 बजे 15002 डाउन ट्रेन एक्सप्रेस को सिग्नल दिया गया तो हंगामा शांत हुआ।