सूरतगंज (बाराबंकी)। आधार में संशोधन के लिए जिले भर में बैंकों व अन्य केंद्रों पर भोर से ही भीड़ जुटने लगी है। सूरतगंज विकास खंड क्षेत्र के बैंक आफ इंडिया सूरतगंज में सोमवार को आधार संशोधन के लिए जुटी भीड़ बेकाबू हो कर हंगामा करने लगी। स्थिति को संभालने के लिए बैंक अधिकारियों को पुलिस बुलाना पड़ी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल लोगों को कतारबद्ध कराकर काम काज पुन: शुरू कराया।
बैंक पर नए आधार कार्ड बनाएं जाने व पुराने आधार कार्ड को अपडेट का कार्य चल रहा है। एक दिन में करीब 50 से 55 आधार कार्ड के काम यूपीआईडी के आपरेटर संदीप कुमार करते है। सोमवार को बैंक खुलने के बाद में टोकन वितरण का कार्य शुरू हुआ। इस दौरान बैक कर्मियों पर मनमानी बरतने के आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख बैंक मैनेजर जितेंद्र कुमार सिंह को स्थिति संभालने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। बैंक मैनेजर ने बताया कि आधार कार्ड बनवाने व संशोधन कराने के लिए जुटने वाली भीड़ के कारण बैंक से जुड़े कार्य भी प्रभावित हो रहे है।
दीपांशी, रमेश, नेम कुमार, पंकज कुमार, रामावती, विमला देवी, रोशनलाल, राजन सिंह, जानवी, जोरु सिंह आदि लोगों का कहना है कि एक काउंटर होने व ग्यारह बजे से तीन बजे तक ही आधार बनवाने व संशोधन का कार्य होने से जरूरतमंदों को काफी परेशानी उठाना पड़ रही है। प्रशासन नए नियम तो बना देता है लेकिन इसे अमल में लाने के लिए उचित इंतजाम सुनिश्चित नहीं कराता। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ता है।