बाराबंकी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की मुख्य परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों की तैयारी को परखने के लिए जिले में प्री-बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम तय कर दिया गया है। आगामी 12 जनवरी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने प्रश्नपत्रों का वितरण शुरू कर दिया है।
इस वर्ष जिले के कुल 78,808 छात्र परीक्षा देंगे, जिनमें हाईस्कूल के 42,722 और इंटरमीडिएट के 36,086 विद्यार्थी शामिल हैं। विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा के पैटर्न और समय प्रबंधन का अनुभव देने के लिए पिछले वर्ष के बोर्ड प्रश्नपत्रों का उपयोग किया जा रहा है। सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज के स्ट्रांग रूम से जिले के 29 केंद्रों पर ये प्रश्नपत्र वितरित किए गए। परीक्षा के बाद परिणामों के आधार पर शिक्षकों द्वारा कमजोर छात्रों की पहचान की जाएगी। उनके लिए विशेष कक्षाएं और रिवीजन सत्र आयोजित किए जाएंगे ताकि वे मुख्य परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह बोर्ड मानकों के अनुरूप कराई जाएगी। सभी प्रधानाचार्यों को केंद्रों पर अनुशासन और प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। राजकीय इंटर कॉलेज से प्रश्नपत्रों के वितरण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा रही है और परीक्षा पर निगरानी रखी जाएगी।