बाराबंकी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बुधवार से जिले के 110 केंद्रों पर शुरू होंगी। कुल 78,808 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसे लेकर शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने बताया कि नकलविहीन परीक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
सभी केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती हो चुकी हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की पूरे समय निगरानी की जाएगी। डीआईआऐस ने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी हो गई है। इसको लेकर जिले को सात जोन में बांटा गया है। 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 7 जोनल मजिस्ट्रेट और पांच सचल दल परीक्षा की निगरानी करेंगी।
क्या लेकर जाएं, क्या न लेकर जाएं...
परीक्षा में विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, स्केच पेन, स्केल ले जाने की अनुमति है। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे कैल्कुलेटर, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, ब्लूटूथ आदि ले जाना प्रतिबंधित है।
ऑनलाइन दर्ज होगी उपस्थिति
परीक्षा की निगरानी को अधिक सख्त और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं। इस बार परीक्षा में ड्यूटी करने वाले कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज होगी। इससे उनकी वास्तविक उपस्थिति को ट्रैक किया जा सकेगा। इसके अलावा कक्ष निरीक्षकों और अन्य परीक्षा कर्मियों को क्यूआर कोड युक्त परिचय पत्र दिए गए है, जो परीक्षा केंद्र में प्रवेश और सत्यापन के लिए अनिवार्य होगा।
13 संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर रहेगी विशेष नजर
श्री गांधी पंचायत सआदतगंज, यूनिवर्सल इंटर कॉलेज कोटवाधाम, रानी लक्ष्मी बाई स्मारक इंटर कॉलेज कुसी, आदिशक्ति दुर्गा कॉलेज, सर्वोत्तम इंटर कॉलेज करौधिंया , प्रकाश इंटर कॉलेज मित्तई, श्री सुंदर लाल इंटर कॉलेज औरेला सैदनपुर, भावी भारत शिक्षा निकेतन इंटर कालेज कुम्हरौरा मथुरानगर दरियाबाद,,
कृषक बाल इंटर कालेज कुम्हरौरा, आचार्य श्री चंद्रदेव इंटर कॉलेज फतेहपुर, एमएमएन कन्या इंटर कॉलेज, आदमपुर भटपुरा, भारत माता बाल विद्या इंटर कॉलिंक सिद्धौर और अयोध्या प्रसाद वर्मा मेमोरियल पब्लिक इंटर कालेज कोटवासड़क पर विशेष नजर रहेगी। इन केंद्रों पर तीन पुलिस बल की तैनाती की गई है।
केंद्र के दो सौ मीटर बंद रहेगी दुकानें
परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के दो मीटर के दायरे में स्थित फोटो स्टेट मशीनें और साइबर कैफे पूरी तरह बंद रहेंगे। आदेश का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 भी लागू रहेगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासनिक निगरानी रहेगी।
परीक्षा एक नजर में
कुल केंद्र- 110
हाईस्कूल में परीक्षार्थी- 42722
इंटरमीडिएट में परीक्षार्थी- 36086
केंद्र व्यवस्थापक- 110
सह केंद्र व्यवस्थापक- 110
पहली पाली 8:30 से 11:45 बजे तक
दूसरी पाली - 2:00 से 05:15
व्यवस्थाओं को दिया अंतिम रूप
कोटवाधाम। स्थानीय विद्यापीठ इंटर कॉलेज में परीक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। कक्षाओं में टेबल पर क्रम संख्या और अनुक्रमांक की पर्चियां चस्पा की गईं। प्रधानाचार्य दिनेश कुमार सिंह ने ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण व नकलविहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए।