फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: बेमौसम बारिश से किसान बर्बाद, फसलें चौपट, बोआई पिछड़ी

Fri, 31 Oct 2025 12:40 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। बेमौसम बारिश ने किसानों को बर्बादी की कगार पर खड़ा कर दिया है। तेज हवा के चलते धान की फसल जहां खेतों में गिर गई है। वहीं, कटी फसल में पानी भर जाने से किसानों की रातों की नींद उड़ गई है। सबसे ज्यादा नुकसान धान की कटी पड़ी फसल को हुआ है। इसके अलावा जिन किसानों ने एक दिन पहले आलू की बोआई की है, उनकी फसल को ज्यादा नुकसान होगा। बारिश से खेतों में नमी आ जाने के कारण बोआई का काम करीब एक सप्ताह पिछड़ गया है। सबसे ज्यादा 21 मिमी बारिश सदर तहसील नवाबगंज में दर्ज की गई है।
विज्ञापन

हैदरगढ़ में असमय बारिश के कारण खरीफ व रबी की फसल बर्बादी ने किसानों की नींद उड़ा दी है। खेत में कटी व खड़ी धान की फसल को सर्वाधिक नुकसान हुआ। सब्जी की नर्सरी, आलू व दलहन, तिलहन की फसल भी प्रभावित हुई। फतेहपुर में जिन किसानों ने आलू की फसल की बोआई कर ली है उनके लिए सबसे ज्यादा दिक्कत है। महंगे दामों पर बीज लेकर आलू की बाेआई करने वाले किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं।
कोटवाधाम में बारिश से धान, आलू, सरसों, मसूर सहित अन्य फसलों को ज्यादा नुकसान हुआ है। सिद्धौर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जारी लगातार वर्षा ने खेतों में कटी पड़ी धान की फसल को बर्बादी की कगार पर ला दिया है। सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने किसानों की रातों की नींद उड़ा दी है। खेत में कटी पड़ी धान की फसल लगातार भीगने से बर्बाद हो जाएगी इसकी चिंता किसानों को खाए जा रही है। जिला कृषि अधिकारी राजितराम का कहना है कि बारिश से फसलों के नुकसान का आंकलन कराया जाएगा। किसान प्रयास करें कि खेतों में पानी जमा न होने पाए।
विज्ञापन

बाक्स
भीगते हुए घर पहुंचे बच्चे
बृहस्पतिवार को पूरे दिन बारिश होती रही। इससे सबसे ज्यादा दिक्कतें स्कूली बच्चों को हुई। जो सुबह भीगते हुए स्कूल पहुंचे और छुट्टी के बाद भी भीगते हुए वापस घर लौटे। बारिश से सड़कों पर पूरी तरह से सन्नाटा दिखा। इक्का-दुक्का लोग ही सड़क पर दिखे। इसके अलावा शहर के लखपेडाबाग, दीनदयाल नगर, आनंद विहार, बाल विहार, लक्ष्मणपुरी व दशहराबाग में कई स्थानों पर जलभराव से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बारिश से फसलों और सब्जियों को नुकसान
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिक डॉ जेपी सिंह ने बताया बारिश से धान और आलू की फसल को नुकसान होगा। इससे इन्कार नहीं किया जा सकता है। इसके अलावा सब्जियों में फूलगोभी, पातगोभी, मिर्च, टमाटर, बैंगन व शिमला मिर्च की नर्सरी को भी नुकसान होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें