बाराबंकी। संस्कृत की समझ अब छात्र-छात्राओं को पहचान के साथ आकर्षक नकद इनाम भी दिलाएगी। भाषा विभाग और उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान की संस्कृत प्रतिभा खोज-2026 में जिले के मेधावियों की चमक प्रदेश स्तर तक दिखेगी। इसमें कक्षा छह से लेकर स्नातकोत्तर तक के छात्र-छात्राएं 15 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीकरण कराकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएससी, संस्कृत विद्यालयों व डिग्री कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को अधिक से अधिक आवेदन कराने का निर्देश दिया है। 24 अगस्त से तीन सितंबर तक जनपद स्तरीय प्रतियोगिता लखपेड़ाबाग स्थित पायनियर मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज में होगी। इसके संचालन के लिए बडेल निवासी रंजीत कुमार को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीआईओएस अमिता सिंह ने बताया कि छात्रों के भाषाई कौशल और शास्त्रीय ज्ञान को निखारने का यह बेहतरीन अवसर है। सभी विद्यालय अपने यहां से अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। इससे स्थानीय मेधा को बड़ा मंच मिलेगा।
जिला, मंडल से लेकर राज्य स्तर तक पुरस्कार
जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय और तीन सांत्वना स्थान पाने वाले विजेताओं को क्रमशः 1000, 800, 700 और 500 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं मंडल स्तर पर 3000, 2000 व 1000 रुपये और राज्य स्तर पर अव्वल आने पर 11 हजार रुपये तक का नकद इनाम मिलेगा। राज्य स्तर पर श्लोकान्त्याक्षरी और अष्टाध्यायी, अमरकोष जैसे चारों कंठस्थ पाठ प्रतियोगिताओं के मेधावी 20 प्रतिभागियों को पांच हजार रुपये की संस्कृत अध्ययन प्रोत्साहन छात्रवृत्ति मिलेगी। साथ ही अवशिष्ट प्रतिभागियों को पांच दिवसीय निशुल्क आवासीय प्रतिभा संवर्धन कार्यशाला में प्रशिक्षण दिया जाएगा।