दरियाबाद (बाराबंकी)। घर से मवेशी का चारा लेने जा रहे बाइक सवार को एक तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार पति की मौके पर मौत हो गयी और पत्नी व पैदल जा रही एक बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी टिकैतनगर भेज गया, जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज कर वाहन का पता किया जा रहा है।
थाना क्षेत्र टिकैतनगर के गांव मल्लाहन पुरवा मजरे करोंनी के निवासी विनोद कुमार (35) व उसकी पत्नी राधिका बाइक से बुधवार सुबह मवेशी के लिए चारा काटने के लिए सरायदुनौली की ओर जा रहे थे। सरायदुनौली गांव के निकट दुलहदेपुर करोंनी संपर्क मार्ग पर बाइक में पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस दौरान पैदल जा रही गांव की एक बालिका पूनम पुत्री धन्नू निषाद भी चपेट में आ गई। बाइक सवार विनोद की मौके पर ही मौत हो गई तथा पत्नी व बालिका गंभीर रूप से घायल हो गयी। घायलों को राहगीरों ने इलाज के लिए सीएचसी टिकैतनगर में भर्ती कराया। हादसे की सूचना पर परिजन व ग्रामीणों का हुजूम लग गया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची टिकैतनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा किया है।
अनियंत्रित कार पलटी, एक जख्मी
मंगलवार रात रामनगर थाना क्षेत्र के बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रमवापुर सुरवारी ग्राम के पास लखनऊ से गोंडा जा रही तेज रफ्तार कार छुट्टा पशुओं के झुंड को देख उन्हें बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराकर पलट गई। इस हादसे में सड़क किनारे सो रहे पिंटू घायल हो गए, जिनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। कोठी थाना क्षेत्र में हैदरगढ़ मार्ग पर बक्सावां गांव के पास बाराबंकी की ओर से आ रहे कार सवार ग्यास व मसरल निवासी कंपनीबाग को ट्रक ने टक्कर मार दिया।