रजिस्ट्री कार्यालय के सामने हाईवे पर अवैध पार्किंग में खड़ीं बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के व्यस्ततम इलाके में अवैध पार्किंग राहगीरों के लिए नासूर बनी हैं और जिम्मेदार सो रहे हैं। नगरपालिका परिषद ने एक साल पहले भले ही पार्किंग का ठेका रद कर किया है लेकिन संचालन आज भी चल रहा है।
डीआरडीए से चंद कदम दूर ही अवैध पार्किंग हो रही है। इसी रास्ते से आला अधिकारियों का रोजाना आना-जाना होता है। इसके अलावा फैजाबाद-लखनऊ मार्ग पर कचहरी के सामने ही अवैध पार्किंग हो रही है। सड़क तक वाहन पार्क किए जा रहे हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कोई सही इंतजाम न होने के चलते यह दिक्कत लगातार बढ़ती जा रही है। हाल यह है कि अवैध पार्किंग कर सड़क तक इस तरह से कब्जा किया गया है कि चार पहिया वाहन तो दूर, पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
ऐसे मेें लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी है। ऊंची पहुंच व रसूख के चलते अवैध पार्किंग के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर नतीजा सिफर ही है।
नगर पालिका परिषद की ओर से कोई भी स्टैंड नहीं लगाया जा रहा है। करीब डेढ़ साल पहले नगरपालिका परिषद की ओर स्टैंड लगाया जाता था, जो रद कर दिया गया है। मौजूदा समय में दो पहिया व चार पहिया वाहन का स्टैंड नगर पालिका परिषद द्वारा नहीं चलाया जा रहा है। - संगीता कुमारी, अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद