बम्हरौली नहर कटी, 30 बीघा फसल डूबी
- सूचना के बाद भी नहीं पहुंचे सिंचाई विभाग के कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। रुकनापुर गांव के निकट बम्हरौली नहर पटरी कटने से किसानों की करीब तीस बीघा गेहूूं व सरसों की फसल डूब गई। सूचना के बाद भी कोई सिंचाईकर्मी पटरी को दुरुस्त करने नहीं पहुंचा।
सोमवार की देर रात बम्हरौली नहर रुकनापुर गांव के पास करीब तीन मीटर कट गई जिससे आसपास के खेतों में पानी भर गया। रुकनापुर व बेनी सिंह पुरवा के किसानों की फसल डूब गई। गांव के किसान जगमोहन, बच्चन सिंह, कंचन सिंह, शेषपाल, विनोद सिंह, बबलू, शैलेंद्र, संजय सिंह आदि की करीब तीस बीघा गेहूं व सरसों की फसल जलमगग्न हो गई। किसानों ने मंगलवार सुबह ही नहर की पटरी कटने की सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी लेकिन शाम तक गांव कोई नहीं पहुंचा। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता सुनील कुमार का कहना है कि जेसीबी नहीं मिलने से पटान कार्य नहीं हो पाया। बुधवार सुबह नहर की पटरी दुरुस्त करा दी जाएगी।