बाराबंकी।डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में इसी सप्ताह से स्नातक और स्नातकोत्तर की प्रायोगिक परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। परीक्षाओं को लेकर महाविद्यालयों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं और शैक्षणिक गतिविधियों में तेजी आ गई है।
जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज में भी परीक्षा संबंधी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कॉलेज प्रशासन ने कक्षाओं का नियमित संचालन शुरू कर दिया है और विद्यार्थियों को उपस्थिति को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सीताराम सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत बीए, बीएससी, बीबीए, बीसीए के द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर तथा एमए और एमएससी के द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर के सभी छात्र-छात्राओं की नियमित कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। कक्षाओं का संचालन निर्धारित समय सारिणी के अनुसार किया जा रहा है। बताया कि प्रायोगिक परीक्षाओं में सम्मिलित होने के लिए 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य है। इससे कम उपस्थिति वाले छात्र-छात्राओं को प्रायोगिक परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही कॉलेज प्रशासन ने यह भी निर्देश जारी किए हैं कि छात्र-छात्राएं परिचय पत्र एवं निर्धारित यूनिफॉर्म में ही कक्षाओं में उपस्थित हों। नियमों के उल्लंघन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।