इसरौली (बाराबंकी)। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात सड़क पर अचानक मवेशी आने से अनियंत्रित हुई पिकअप व बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। पिकअप लहराते हुए एक पेड़ से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर बिना हेलमेट सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पिकअप में फंसे दो अन्य लोगों को गंभीर हालत में पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के धौसार गांव निवासी इमरान (25) अपने ममेरे भाई अरमान (18) के साथ मंगलवार रात करीब 11 बजे बाइक से मुर्हरम व ताजिया जुलूस में शामिल होने देवा कोतवाली क्षेत्र के बरेठी गांव जा रहे थे। फतेहपुर बाराबंकी मार्ग पर अहिरनपुरवा गांव के पास बाइक के सामने अचानक एक घुमंतू मवेशी आ गया। मवेशी को बचाने के प्रयास में बाइक सवार बाई ओर चले गए। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बाइक सवार युवकों को गंभीर हालात में सीएचसी देवा भेजा। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पिकअप में सवार सीतापुर जिले लहरपुर थाना क्षेत्र के तारनपुर गांव निवासी अरमान व बब्बन वाहन में ही फंस गए। पिकअप चालक मौका देख फरार हो गया। पुलिस ने शीशा तोडकर पिकअप में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकालकर इलाज के लिए देवा सीएचसी भेजा। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय बाइक सवार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। इसी कारण सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई।
मृतक इमरान अपने आठ भाईयों में सबसे छोटा था और सउदी अरब में काम करता था। बीते कई दिनों से वह घर पर ही था। पांच दिन बाद उसको सउदी अरब वापस जाना था। वहीं, अरमान अपने तीन भाईयों में दूसरे नंबर पर था। वह घर का काम काज देखता था। दोनों युवकों की मौत से धौसार गांव में मातम छा गया। दोनों ही परिवार के लोग भी बिलख रहे हैं।