फतेहपुर/कोठी। अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में घायल दो महिलाओं की मौत हो गई। एक महिला की ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में इलाज दौरान मौत हुई है।
फतेहपुर कोतवाली के ग्राम उजरवारा निवासी रेनू देवी (30) पत्नी नवनीत कुमार 29 सितंबर की शाम को अपनी सास मीना देवी के साथ खेत से घर लौट रही थी। गांव के पास तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी।
सीएचसी से रेनू को पहले जिला अस्पताल व वहां से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया था। ट्रॉमा सेंटर में शनिवार रात रेनू की मौत हो गई। रेनू के चार वर्षीय पुत्री व नौ वर्षीय पुत्र है। रविवार को शव का गांव में अंतिम संस्कार किया गया। कोतवाल संजीत सोनकर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर ऑटो चालक को पकड़ लिया गया है।
वहीं असंद्रा थाने के दुनियापुरवा गांव निवासी दुर्गा प्रसाद की पत्नी सुमारा (45) शनिवार की देर रात अपने देवर राधेश्याम के साथ बाइक से कोटवासड़क जा रही थी, तभी मोहम्मदपुर चंडी सिंह गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर हालत में सीएचसी सिद्धौर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।