इंसपायर अवार्ड विजेता एक छात्र से कमीशन मांगने की शिकायत मिली है। पूर्व मा.वि. मगरौडा से संबंधित इस मामले की जांच जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने खंड शिक्षाधिकारी को सौंपी है।
शिक्षा क्षेत्र दरियाबाद के पूर्व मावि मगरौडा में गांव के शिवपूजन का लड़का अमन विश्वकर्मा कक्षा आठ में पढ़ता है। इस लड़के का चयन इंस्पायर अवार्ड के लिए किया गया है जिसके तहत उसे पांच हजार रुपये की चेक उसके नाम आई थी।
स्कूल के प्रधानाचार्य राज बहादुर को इसमें भी कमीशन दिखाई पड़ने लगा और उन्होंने शर्त रख दी कि चेक तभी दूंगा जब इसमें से आधा पैसा उनके खाते में डाल दोगे।
सुविधा के लिए उन्होंने बैंक में रुपया जमा करने वाली स्लिप भी भरकर दे दी। उस समय तो छात्र एवं उसके अभिभावक चेक व स्लिप लेकर चले गए और बैंक जाने की जगह सीधे दोनों बीएसए के पास पहुंच गए। बीएसए ने पूरे मामले की जांच के निर्देश खंड शिक्षाधिकारी संतोष मिश्रा को दिए है।