बाराबंकी। लखनऊ के अलीगंज स्थित एक बिल्डिंग में संचालित कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में बाराबंकी के दो छात्रों की भी मौत हो गई। हादसे में लखपेड़ाबाग निवासी मोहम्मद अम्मार (22) और फतेहपुर के मोहल्ला काजीपुर निवासी हाजी मोहम्मद इमरान के 22 वर्षीय इकलौते बेटे शहजान की मौत हो गई।
शहर के हंफिया मस्जिद के पास रहने वाले अम्मार दो भाइयों में बड़े थे। वह अपने सुनहरे भविष्य के सपने संजोए रोज अलीगंज कोडिंग और गेमिंग का प्रशिक्षण लेने जाते थे। सोमवार को भी वह कोचिंग गए थे, तभी वहां अचानक भयंकर आग लग गई। हादसे में गंभीर रूप से झुलसने के कारण अम्मार की जान चली गई। सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन लखनऊ पहुंचे, जहां शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।