बाराबंकी। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के बाराबंकी थाने की टीम ने रविवार को लखनऊ के मड़ियांव इलाके में यादव चौराहे के पास से दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से दो किलो 40 ग्राम ऑर्गेनिक अमेरिकन गांजा बरामद हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।
एएनटीएफ के इंस्पेक्टर अयनुद्दीन ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों की पहचान प्रतापगढ़ जिले के कंधई थाना क्षेत्र के करमाही गांव निवासी सूरज सिंह (28) और सत्यम सिंह (24) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्हें यह गांजा लखनऊ के एक व्यक्ति से मिला था और वे इसे आगे बेचने के लिए दूसरे नेटवर्क से जुड़े लोगों को देने जा रहे थे। वह अब तक करीब 15 बार अलग-अलग शहरों में इसकी खेप पहुंचा चुके हैं। बरामद मादक पदार्थ सामान्य गांजे की तुलना में काफी महंगा और तीव्र प्रभाव वाला होता है। दुर्लभ होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये किलो में बिकता है। यह शरीर और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक है।