टाटा कौशलम केंद्र में इलेक्ट्रिक व्हीकल का प्रशिक्षण लेते युवा।
- फोटो : टाटा कौशलम केंद्र में इलेक्ट्रिक व्हीकल का प्रशिक्षण लेते युवा।
बाराबंकी। तेजी से बढ़ रही इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की मांग को देखते हुए अब युवाओं को भी नई तकनीक के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इसी दिशा में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बड़ागांव स्थित टाटा कौशलम केंद्र में 44 युवा इलेक्ट्रिक व्हीकल की उन्नत तकनीक में निपुण हो रहे हैं।
प्रशिक्षण में युवाओं को व्हीकल डिजाइन, बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, मोटर कंट्रोल यूनिट, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सर्विसिंग तकनीक की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। उद्देश्य है कि प्रशिक्षु आने वाले वर्षों में देश की इलेक्ट्रिक व्हीकल इंडस्ट्री में दक्ष तकनीशियन के रूप में अपनी पहचान बना सकें। आर्टीशियन यूजिंग एडवांस व्हीकल कोर्स में विद्यार्थियों को आधुनिक वाहनों की संरचना, मेंटेनेंस, हाइब्रिड सिस्टम और एडवांस रिपेयर तकनीक की ट्रेनिंग दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थी इंजन और मोटर आधारित दोनों तकनीकों की बारीक समझ विकसित कर रहे हैं।प्रधानाचार्य महेश चंद्र ने बताया कि यह कोर्स युवाओं को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेक्टर की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर रहा है, ताकि वे बदलते समय की तकनीकी चुनौतियों का सामना कर सकें। प्रशिक्षण पूरी तरह प्रायोगिक आधारित है। युवाओं को लैब में वास्तविक मॉडल्स पर काम करने का अवसर दिया जा रहा है, ताकि वे इंडस्ट्री में तुरंत काम करने योग्य बन सकें।