जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में बुजुर्ग समेत दो लोगों की जान चली गई। सफदरगंज थाना क्षेत्र के उधौली के पास हाईवे पर मंगलवार की देर रात बाइक सवार युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई।
वहीं हैदरगढ़ सुबेहा मार्ग पर एक बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पहला हादसा थाना सफदरगंज के अंतर्गत उधौली के पास हाईवे पर हुआ।
मंगलवार की देर रात यहां बाइक से जा रहे शिवभोला(25) पुत्र अशोक कुमार निवासी अंबौर को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि शिवभोला लखनऊ के आलमबाग स्थित एक मॉडल शॉप की दुकान पर नौकरी करता था। सप्ताह में एक दिन वह अपने घर अम्बौर आता था। मंगलवार को शिवभोला दुकान बंद कर अपने घर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
दूसरा हादसा सुबेहा थाना क्षेत्र में हुआ। जहां मंगलवार की देर रात कोतवाली क्षेत्र के जोंधी गांव निवासी शमशम (60) पुत्र रहीम सुबेहा की ओर से पैदल घर लौट रहे थे। तभी सुबेहा के कमेला गांव निकट उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से गंभीर अवस्था में इलाज के लिए वृद्ध को सीएचसी लाया। जहां चिकित्सक ने शमशम को मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी अधीक्षक की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पत्नी सूर्यमती, गांव के इबरार , सलीम आदि ने कोतवाली पहुंच कर शव की शिनाख्त की है। कोतवाल पीके तिवारी ने बताया कि हादसा सुबेहा थाना क्षेत्र में हुआ है लेकिन सीएचसी प्रशासन की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।