जिले के रामसनेहीघाट व कोतवाली नगर क्षेत्र मेें शुक्रवार की रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई है। इन हादसों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनमें से एक को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतकों मेें एक युवक हरदोई जिले का रहने वाला है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में सफेदाबाद के पास शुक्रवार की देर रात पैदल सड़क पार कर रहे हरदोई जिले के पड़िया थाना क्षेत्र के गुलरिहा गांव निवासी रामदेव(22) पुत्र राजेंद्र को एक वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि हादसा करने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।
वहीं दूसरा सड़क हादसा रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में हुआ। जहां पर क्षेत्र के रोशनलालपुरवा गांव निवासी रामदयाल(60) को हाईवे पर बैसनपुरवा गांव के पास बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में जहां रामदयाल की मौके पर ही मौत हो गई वहीं बाइक सवार संदीप(22) पुत्र जयगोबिंद शर्मा निवासी कृपा पट्टीखाना, दुसट्टी जिला कुशीनगर व हरिराम निवासी अलीगंज, लखनऊ गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में घायल बाइक सवार युवकों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से संदीप की हालत नाजुक होने के चलते उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। स्थानीय लोगों की माने तो हादसे के समय बाइक सवार युवक हेलमेट पहने हुए था।