बाराबंकी। कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में दो और कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। देखा जाए तो मार्च में अब तक करीब 62 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या ने विभाग की चिंता बढ़ा दी है जिस पर जांच में और तेजी लाने के आदेश दिए गए हैं।
देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार शहर के लखपेड़ाबाग में और मसौली ब्लॉक के कस्बे में एक-एक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद इन सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है और चिकित्सकों को इन पर बराबर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। इस तरह से जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है।
मार्च में इतने ज्यादा कोरोना के मरीज पिछले साल भी नहीं मिले थे। कोरोना मरीजों की लगातार बढ़ रही संख्या से विभाग की चिंता और बढ़ गई है। विभाग ने कोरोना पर नियंत्रण पाने के लिए सभी सीएचसी अधीक्षकों के साथ ही मुख्यालय की टीम को कोरोना की जांच में और तेजी लाने के आदेश दिए हैं।
जिससे प्रतिदिन ज्यादा से ज्यादा मरीजों की जांच की जा सके। लेकिन आम लोगों पर इसका जरा भी असर देखने को नहीं मिल रहा है और प्रतिदिन कोरोना के मरीज मिलने के बाद भी बाजार में लोगों की भीड़ बढ़ती ही जा रही है। जबकि ये लोग न तो मास्क का ही प्रयोग कर रहे हैं और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन किया जा रहा है जिससे कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है।
26 हुई कंटेनमेंट जोन की संख्या
कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही जिले में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 26 हो गई है। शहर की नवाबगंज तहसील में सबसे ज्यादा 16, रामनगर में एक, सिरौलीगौसपुर में एक, रामसनेहीघाट में एक, हैदरगढ़ में एक और फतेहपुर में तीन कंटेनमेंट जोन हो गए हैं।
देर शाम आई जांच रिपोर्ट में जिले में दो और कोरोना के मरीज पाए गए हैं। जिस पर इनको होम आइसोलेट करा दिया गया है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जांच में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. बीकेएस चौहान, सीएमओ