बाराबंकी। डेंगू जैसे लक्षण दिखने पर बृहस्पतिवार को चार मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। चारों की रैपिड कार्ड से जांच कराई गई, दो मरीजों की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई। दोनों के ब्लड का सैंपल लेकर एलाइजा जांच के लिए भेज दिया गया। वहीं ओपीडी में सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
जिला अस्पताल में इलाज के लिए आए हरख निवासी मोहम्मद कैफ, शहर की आइसा व देवा के रियाज और परस्तीपुर के मनोज कुमार को तेज बुखार और डेंगू जैसे लक्षण दिखने पर डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया। इसके बाद इनकी रैपिड कार्ड से डेंगू की जांच कराई गई जिसमें मनोज और कैफ की जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। दो अन्य मरीजों की जांच रिपोर्ट नहीं आई थी जिस पर दोनों के ब्लड का सैंपल लेकर एलाइजा जांच के लिए भेजा गया है।
डेंगू और डेंगू के लक्षण जैसे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ते रहने की वजह से अस्पताल में बनाया गया डेंगू वार्ड मरीजों से भर गया है। इसके चलते यहां आने वाले मरीजों को दिक्कतें हो रही हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुशवाहा बताते हैं कि ओपीडी में सर्दी, जुकाम, बुखार और तेज बुखार के मरीज सबसे ज्यादा आ रहे हैं।
बृहस्पतिवार को तेज बुखार से पीड़ित पाए जाने पर मरीजों की रैपिड कार्ड से जांच कराए जाने पर एक पॉजिटिव मिला है जिनके ब्लड का नमूना एलाइजा जांच के लिए भेजा गया है। उधर एसीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि डेंगू के दो नए मरीज मिलने के बाद जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है।