बाराबंकी। एटीएम मशीन में फेवीक्विक लगाकर लाखों रुपये निकालने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश पुलिस ने किया है। दो शातिरों को गिरफ्तार कर पुलिस ने साढ़े तीन लाख रुपये, 14 एटीएम, तीन मोबाइल, छह सिम व कार बरामद की है।
पुलिस लाइन सभागार में बृहस्पतिवार को एएसपी उत्तरी आशुतोष मिश्र ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस ने बिहार के ग्राम गोखुला थाना सिकंदरा जनपद जमुई निवासी सतीश कुमार व चंदन कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने बताया कि वे सिरिंज के माध्यम से एटीएम कार्ड एंटर करने की जगह पर फेवीक्विक लगा देते थे और एटीएम के अंदर टेक्नीशियन से मदद के लिए अपना मोबाइल नंबर अंकित कर देते थे।
इस दौरान जब एटीएम फंस जाता था तो यह लोग अंदर पहुंचकर मदद के लिए वहां लिखे नंबरों पर काॅल करने की सलाह देते थे। इन नंबरों पर काॅल करने पर दूसरा साथी बहाने से एटीएम का पिन व अन्य विवरण पूछ लेता था। ग्राहक एटीएम छोड़कर मजबूरी में जैसे ही जाता था तभी ये शातिर पहुंच जाते थे। चाकू, प्लास आदि के माध्यम से एटीएम कार्ड निकाल कर उसी एटीएम कार्ड का प्रयोग करके उसके खाते से ऑनलाइन शापिंग व कैश निकाल लेते हैं।
पुलिस के अनुसार इस गिरोह ने कानपुर नगर, लखनऊ, उन्नाव, बनारस, प्रयागराज, रायबरेली आदि मेें भी रुपये निकाले हैं। इसी गिराेह ने शहर में इसरतजहां व प्रभातचंद्र की माता के एटीएम से रुपये निकाले थे। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने गुडवर्क पर शहर कोतवाल संजय मौर्य की टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।