डामरीकरण के लिए प्रस्तावित नैनहा बरतली ढक सहिया से अयोध्या सिंह का पुरवा संपर्क मार्ग
अमेठी सिटी। कच्चे रास्ते से आवागमन की परेशानी झेल रहे 10 गांवों के करीब 50 हजार लोगों के लिए राहत की खबर है। अमेठी-शाहबरी मार्ग से ग्रामसभा नैनहा बरतली ढकसहिया होते हुए अयोध्या सिंह का पुरवा तक दो किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का डामरीकरण कराया जाएगा। इस पर एक करोड़ 95 लाख रुपये खर्च होंगे। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही अस्पताल, बैंक, ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय तक पहुंचना आसान होगा।
यह संपर्क मार्ग नैनहा, बल्दू का पुरवा, कलवारन का पुरवा, सेवाला, पूरबगांव और नरैनी सहित 10 गांवों को जोड़ता है। एक ओर यह शाहबरी और दूसरी ओर गोसाईगंज की पक्की सड़क से जुड़ता है। ऐसे में सड़क का डामरीकरण होने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन के लिए बेहतर रास्ता मिलेगा। विद्यार्थियों, किसानों और नौकरीपेशा लोगों को भी इसका लाभ होगा।
ग्रामीण बृजेश कुमार यादव, शिवदर्शन, बब्लू, सुरेंद्र कुमार और रामराज ने बताया कि संपर्क मार्ग अभी कच्चा है। बारिश के दिनों में सड़क पर पानी भर जाता है। कीचड़ होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों से आने-जाने में भी परेशानी होती है। जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को कई बार लंबा रास्ता तय करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने सड़क का डामरीकरण जल्द कराने की मांग की है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि दो किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के डामरीकरण पर एक करोड़ 95 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे 10 गांवों के करीब 50 हजार लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।